जून-जुलाई 2026
किसी भी समाज का असली चेहरा उसके उत्सवों में नहीं, उसके उपहास में दिखता है। हम किस पर हँसते हैं, क्यों हँसते हैं, और कितनी देर तक हँसते हैं; यही तय करता है कि हमारी संवेदनशीलता कितनी जीवित है। हाल के दिनों में पत्रकार और लेखक सौरभ द्विवेदी को उनकी फिल्मी उपस्थिति और अभिनय के कारण जिस तरह सार्वजनिक मज़ाक का विषय बनाया गया, वह केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक व्यवहार का आईना भी है।
भारत में सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, एक सामूहिक स्वप्न भी है। यह वह परदा है, जिस पर हर आम आदमी अपने भीतर के किसी अनकहे, अनछुए हिस्से को देखना चाहता है। बचपन से हम बड़े पर्दे पर अपने नायकों को देखते हैं। उनकी आवाज़, उनकी चाल, उनके भाव सब कुछ हमारे भीतर कहीं गूँजता रहता है। और उसी गूँज में एक छोटी-सी इच्छा जन्म लेती है, “काश, कभी मैं भी इस पर्दे का हिस्सा बन पाऊँ।” यह इच्छा किसी एक वर्ग की नहीं होती! यह लेखक, पत्रकार, शिक्षक, इंजीनियर या किसी भी साधारण भारतीय की हो सकती है।
ऐसे में यदि कोई पत्रकार, जो वर्षों से शब्दों के माध्यम से समाज को समझने और समझाने का कार्य कर रहा है, अचानक सिनेमा के दृश्य संसार में कदम रखता है, तो इसे एक साहसिक विस्तार के रूप में देखा जाना चाहिए। यह उस व्यक्ति की जिजीविषा का प्रमाण है कि वह अपने व्यक्तित्व को केवल एक दायरे में सीमित नहीं रखना चाहता।
विडंबना यह है कि हम अक्सर उन लोगों के उदाहरण भूल जाते हैं, जिन्हें हम स्वयं आदर्श मानते हैं। सुभाष घई, जो भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित निर्देशक रहे हैं, अपनी फिल्मों में छोटी-छोटी उपस्थितियाँ देने से कभी नहीं हिचके। करण जौहर ने भी अभिनय का अनुभव लिया, जबकि उनकी पहचान निर्देशन और निर्माण में अधिक सशक्त रही है। सोनू निगम, जिनकी आवाज़ करोड़ों दिलों में बसती है, उन्होंने भी अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। कपिल शर्मा, जो कॉमेडी की दुनिया के शिखर पर हैं, उन्होंने भी फिल्मी नायक बनने का प्रयास किया। फराह खान, जो एक सफल निर्देशक और कोरियोग्राफर हैं, वे भी अपनी फिल्मों में दिखाई देती रही हैं।
इन सभी उदाहरणों में एक समानता है- सफलता के बावजूद, अपने भीतर के किसी अधूरे स्वप्न को पूरा करने की इच्छा। क्या हमने इन सभी प्रयासों का उपहास किया? शायद नहीं। तो फिर जब एक पत्रकार वही साहस दिखाता है, तो हमारा व्यवहार अचानक कठोर क्यों हो जाता है?
यहाँ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है कि क्या हमें अभिनय की आलोचना करने का अधिकार नहीं है? निस्संदेह है। आलोचना कला का आवश्यक हिस्सा है। परंतु आलोचना और उपहास में एक महीन, लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण अंतर होता है। आलोचना सुधार की दिशा में ले जाती है, जबकि उपहास व्यक्ति को तोड़ता है। जब हम किसी की “धज्जियाँ उड़ाने” लगते हैं, तो हम कला की नहीं, व्यक्ति की गरिमा की अवहेलना कर रहे होते हैं।
हमें यह भी समझना चाहिए कि कोई भी कलाकार जन्म से परिपूर्ण नहीं होता। हर अभिनेता, हर निर्देशक, हर गायक सभी ने कभी-न -कभी अपने प्रारंभिक प्रयासों में असफलताएँ देखी हैं। सिनेमा का इतिहास उन कहानियों से भरा हुआ है, जहाँ शुरुआत में उपहास झेलने वाले कलाकार बाद में उसी उद्योग के स्तंभ बने। इसलिए यह अपेक्षा करना कि कोई भी व्यक्ति अपने पहले प्रयास में ही उत्कृष्टता की पराकाष्ठा छू ले, अव्यावहारिक है।
इसके अतिरिक्त, यह भी विचारणीय है कि किसी व्यक्ति को अवसर देने का निर्णय किसका होता है। यदि किसी निर्माता या निर्देशक ने सौरभ द्विवेदी को अपनी फिल्म में स्थान दिया, तो यह उनका व्यावसायिक और रचनात्मक निर्णय है। उन्होंने उस व्यक्ति में कुछ संभावना देखी होगी, चाहे वह लोकप्रियता हो, व्यक्तित्व हो, या एक अलग तरह की उपस्थिति। ऐसे में दर्शकों का यह कर्त्तव्य बनता है कि वे उस प्रयास को खुले मन से देखें, न कि पूर्वाग्रह के चश्मे से।
समाज के रूप में हमें यह भी तय करना होगा कि हम किस प्रकार की संस्कृति को बढ़ावा देना चाहते हैं; एक ऐसी संस्कृति, जहाँ नए प्रयोगों का स्वागत हो, या एक ऐसी संस्कृति, जहाँ हर नया कदम उपहास के डर से थम जाए। यदि हम हर असामान्य प्रयास पर हँसेंगे, तो धीरे-धीरे लोग अपने सपनों को सार्वजनिक रूप से जीने से डरने लगेंगे और यह केवल एक व्यक्ति की हार नहीं, बल्कि पूरे समाज की रचनात्मकता की हार होगी।
सिनेमा, अंततः, केवल परिपूर्ण चेहरों का संसार नहीं है। यह उन कहानियों का संसार है, जहाँ वास्तविक लोग अपने वास्तविक अनुभवों के साथ आते हैं। यदि एक पत्रकार उस संसार में प्रवेश करता है, तो वह अपने साथ जीवन की एक अलग दृष्टि भी लाता है। हो सकता है कि उसका अभिनय तकनीकी रूप से परिपक्व न हो, परंतु उसकी उपस्थिति में एक सच्चाई हो सकती है और वही सच्चाई कला को जीवंत बनाती है।
अंततः, यह प्रश्न सौरभ द्विवेदी का नहीं है। यह प्रश्न हमारे भीतर के उस दर्शक का है, जो तय करता है कि वह किसी प्रयास को प्रोत्साहन देगा या उपहास करेगा। हमें यह याद रखना चाहिए कि हर वह व्यक्ति, जो मंच पर आता है, वह केवल अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत लोगों के लिए भी आता है, जो अभी भी अपने सपनों को भीतर छिपाए बैठे हैं।
शायद समय आ गया है कि हम हँसी को थोड़ा संयमित करें और संवेदनशीलता को थोड़ा विस्तार दें। क्योंकि किसी के सपने पर हँसना बहुत आसान है, लेकिन किसी के सपने को समझना, असली परिपक्वता है।







