हाइकु
बाल-हाइकु
1
सुनाएं गीत
दृष्टिहीन बालाएँ
मन की मीत।
2
मन सशक्त
चला व्हील चेयर
चले दिव्यांग
3
खेल खिलौने
शिशुओं ने दिखाई
अबोली ख़ुशी
4
ऊर्जा नवल
विश्वास है प्रबल
बाल कँवल
5
एक कदम
बढ़े शिक्षा की ओर
कन्या विभोर
6
बाल लगाव
कम्प्यूटर जगत
बढ़े जुड़ाव
7
घर की खुशी
नन्ही सी किलकारी
माँ बलिहारी
8
स्वप्न से पगी
मंजिल की चाहत
बच्चों की सगी
9
मिटी थकान
बच्चे ने जब दी है
एक मुस्कान
10
बालक मन
भेद भाव से दूर
खुली किताब
11
नव पल्लव
छूने चले हैं चाँद
बाँधो न मन
12
तितली संग
दौड़ता बचपन
निश्छल मन
13
सुबका मन
सहमी अट्टालिका
खोखली नींव
14
खोया आँचल
दरका बचपन
विह्वल मन
15
शैशव मन
मधुरता की खान
रखना मान
16
वट के तले
सोया है बचपन
निश्चिंत मन
17
लोरी तकली
काते स्वप्न के धागे
माता की गोद।
18
मातृविहीन
कौन सुनाये लोरी
कहता होरी
19
लोरी सलाई
बुन रही ममता
लाडो के ख्वाब
– ऋता शेखर मधु




