किसी शाइर का जाना केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं होता, यह एक मुलायम भाषा में लिपटी अभिव्यक्ति का चुप हो जाना भी होता है। आम इंसान तमाम अनुभवों से गुजरता है, पर प्रायः उन्हें शब्द नहीं दे पाता! और तभी जगजीत सिंह की रूहानी आवाज में बशीर बद्र की ग़ज़ल उसके दिल के सारे राज़ बयां कर देती है। ऐसे कितने ही अधूरे, अटके हुए, हल्के-से चुभते अहसासों को अगर किसी ने भाषा दी, तो वे बशीर बद्र साहब हैं। ऐसे में जब उनके जाने की खबर आती है, तो लगता है जैसे हमारी अपनी भाषा का एक हिस्सा हमसे दूर चला गया हो।
बशीर बद्र ने शायरी नहीं लिखी, उन्होंने लोगों के दिलों में पहले से मौजूद वाक्यों को पहचान लिया और उनकी मुश्किल, आसान कर दी। यही वजह है कि उनकी ग़ज़लें किसी एक वर्ग, एक पीढ़ी या एक भाषा की नहीं रहीं, वे सबकी हो गईं। एक कॉलेज के लड़के की अधूरी मोहब्बत में भी वही शे’र सांस लेते हैं, जो एक बुज़ुर्ग की स्मृतियों में गूँजते हैं।
“कुछ तो मजबूरियाँ रही होंगी, यूँ ही कोई बेवफ़ा नहीं होता…”
यह शेर सिर्फ एक पंक्ति नहीं, एक भावनात्मक शरणस्थली है। कितने लोगों ने इस एक पंक्ति के सहारे अपने टूटे रिश्तों को समझने की कोशिश की है। यह उन लाखों दिलों को बहलाने का बहाना भी रहा, जो टूटकर भी किसी को दोष नहीं देना चाहते। बशीर जी कभी एक दोस्त की तरह सलाह भी देते हैं –
“ग़ुरूर उस पे बहुत सजता है मगर कह दो,
इसी में उस का भला है ग़ुरूर कम कर दे”
आज का युवा, जो अपने फोन की स्क्रीन पर अपने जज़्बात लिखता है, उसे शायद यह एहसास भी नहीं होता कि वह जिस भाषा में अपने दर्द को ढाल रहा है, उसकी जड़ें कहीं बशीर बद्र की मिट्टी में ही हैं। इंस्टाग्राम की स्टोरी हो या किसी रात का अकेलापन, उनके शेर बिन बुलाए आ जाते हैं। वे लोगों की बातचीत में, व्हाट्सएप स्टेटस में, मन के वीराने और अधूरी मोहब्बत के दर्द में जिंदा रहते हैं। देर रात की खामोशियों में, उनकी पंक्तियाँ धीरे-धीरे दिलों में उतरती चली जाती हैं।
दंगों में उनका घर जला। किताबें, यादें और वर्षों की मेहनत राख हो गई। लेकिन कोई उनकी शायरी नहीं जला सका। उस समंदर को नहीं सुखा सका, जो अब और भी गहरा हो गया।
उन्होंने लिखा –
“लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में,
तुम तरस नहीं खाते बस्तियाँ जलाने में…”
यह शे’र उनका व्यक्तिगत दर्द ही नहीं, एक सामाजिक आईना भी है। इन दो पंक्तियों में समय का ऐसा दस्तावेज़ है जिसे इतिहास की कोई किताब भी पूरी तरह नहीं लिख सकती। इसमें एक व्यक्ति का टूटना है और समाज की संवेदनहीनता भी। बशीर बद्र ने कभी शोर नहीं मचाया, शिकायत नहीं की, पर उनकी खामोशी बहुत कुछ कहती रही। उनकी शायरी में कड़वाहट नहीं आई। उन्होंने दर्द को चिल्लाकर नहीं, महसूस कराकर बयां किया। उसे आम लोगों की समझ में बदल दिया।
युवाओं के लिए बशीर बद्र सिर्फ एक शाइर नहीं हैं, एक रास्ता हैं। यह राह सिखाती है कि संवेदनशील होना कमजोरी नहीं, बल्कि सबसे बड़ी ताकत है। इस तेज़, शोर भरी दुनिया में जहाँ लोग जल्दी-जल्दी आगे बढ़ना चाहते हैं, वहाँ बशीर साहब हमें पीछे मुड़कर अपनी भावनाओं को देखने, उनसे लिपटने की हिम्मत देते हैं। और बताते हैं कि दिल का उदास रह जाना भी एक खूबसूरती है।
“पत्थर मुझे कहता है मिरा चाहने वाला
मैं मोम हूँ उस ने मुझे छू कर नहीं देखा”
आज जब हर बात पर बहस है, हर भावना पर प्रतिक्रिया है, दिलों में प्रेम की जगह नफ़रत पाली जा रही, वहाँ बशीर बद्र हमें ठहरना सिखाते हैं। वे समझाते हैं कि पूरी तरह टूटकर भी नरम कैसे रहा जाता है। दुश्मनी में भी सलीक़ा निभाने का ऐसा हुनर भला किसने बताया है?
“दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे
जब कभी हम दोस्त हो जाएँ तो शर्मिंदा न हों”
उनकी शायरी की सबसे खास बात यह थी कि उसमें ‘मैं’ कम और ‘हम’ ज़्यादा था। उन्होंने अपनी कहानी नहीं लिखी, उन्होंने हमारी कहानियाँ लिखीं। शायद इसीलिए उनके शे’र पढ़ते ही लगता है, “अरे! यह तो मेरी ही बात है।” यह जुड़ाव ही उन्हें सबसे अलग बनाता है। वे किसी एक इंसान के नहीं, हर उस इंसान के शाइर थे जिसने कभी प्यार किया, खोया या चुपचाप आँख मूँद किसी को याद किया। यही उनकी खासियत भी रही कि वो अच्छे होने के साथ-साथ ‘सबके शाइर’ थे। एक उदास मुलाक़ात के दर्द को वे कितनी सरलता से कह जाते हैं-
“न जी भर के देखा न कुछ बात की
बड़ी आरज़ू थी मुलाक़ात की”
आज जब हम उनके न होने की बात करते हैं, तो यह समझना ज़रूरी है कि कुछ लोग जाते नहीं हैं, बस हममें घुल जाते हैं। बशीर बद्र अब किसी एक मंच, एक किताब या एक शहर में नहीं हैं। वे हर उस जगह हैं जहाँ कोई अपने दिल की बात कहने की कोशिश कर रहा है। किसी पुराने खत में, किसी अधूरी चैट में, हर उस खामोशी में; जहाँ शब्द ढूँढे नहीं मिलते। वे हमारी चुप्पियों की आवाज़ हैं।
“उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो,
ना जाने किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए…”
यह पंक्तियाँ अब सिर्फ एक शे’र नहीं रहीं, विरासत बन गई हैं। एक ऐसी विरासत, जो पीढ़ी दर पीढ़ी चलती रहेगी। शायद ये उन भूले-भटकों को भी कभी राह दिखा दे जिन्होंने अपने अहंकार की तुष्टि को रिश्तों से ऊपर रख लिया है और जीवन जीना भूल गए हैं। इस शे’र की धीमी-सी रोशनी भी अंधेरे में रास्ता दिखाती है।
बशीर बद्र का जाना अंत नहीं है। यह एक याद दिलाना है कि शब्दों की दुनिया में सादगी सबसे बड़ी ताकत होती है, और जो दिल से लिखा जाता है, वो कभी खत्म नहीं होता।
शायद यह देखकर वे कहीं मुस्कुरा रहे होंगे कि लोग आज भी उनके शब्दों में खुद को ढूँढ रहे हैं। और सच तो यह है कि जब-जब लोग अपने दिल की बात कहने को शब्दकोश खंगालेंगे या भीतर-ही-भीतर बेतरह बिखरे होंगे; तब-तब बशीर बद्र उन्हें शब्द देते रहेंगे।







