महाराष्ट्र की शुष्क, किंतु सांस्कृतिक रूप से अत्यंत उर्वर भूमि पर स्थित शनि शिंगणापुर की यात्रा मेरे लिए केवल एक तीर्थाटन नहीं थी; वह एक ऐसे प्रश्न की खोज थी, जो वर्षों से भीतर कहीं धधक रहा था। क्या वास्तव में ग्रह हमारे जीवन को नियंत्रित करते हैं? या हम अपने कर्मों की व्याख्या के लिए उन्हें एक प्रतीक बना लेते हैं? अहमदनगर की दिशा में बढ़ती बस में बैठे हुए, जब मैंने खिड़की से बाहर देखा, तो काले वस्त्रों में लिपटे श्रद्धालुओं की कतारें, हाथों में तिल और तेल लिए, किसी मौन अनुशासन में आगे बढ़ती दिखाई दीं। मानो सबके दुःख अलग-अलग हों, पर आशा एक ही हो।
मंदिर की ओर बढ़ते हुए कोई भव्य शिखर दिखाई नहीं देता। खुला आकाश, और उसके नीचे विराजमान काली शिला-यही इस देवस्थान की विशिष्टता है। लगभग पाँच से साढ़े पाँच फीट ऊँची यह स्वयंभू मानी जाने वाली शिला किसी स्थापत्य चमत्कार से अधिक एक प्रतीक है अनावरण का, पारदर्शिता का, और इस विश्वास का कि न्याय को किसी छत की आवश्यकता नहीं। लोककथा कहती है कि बाढ़ के बाद यह शिला प्रकट हुई और स्वप्नादेश के अनुसार इसे खुले आकाश तले स्थापित किया गया। धार्मिक दृष्टि से यह कथा भले आस्था का विषय हो, पर सांस्कृतिक अर्थों में यह मनुष्य और प्रकृति के बीच संवाद का संकेत देती है- कि देवत्व किसी निर्मित गर्भगृह में सीमित नहीं, वह प्रकृति के विस्तार में भी उपस्थित है।
शनिवार के दिन यहाँ की भीड़ एक अलग ही दृश्य उपस्थित करती है। काले और गहरे नीले वस्त्रों में सजे श्रद्धालु, हाथों में तिल और सरसों का तेल लिए, लंबी पंक्तियों में खड़े दिखाई देते हैं। तेलाभिषेक की परंपरा का संबंध पौराणिक कथाओं से जोड़ा जाता है, किंतु जब आप स्वयं उस तेल की धार को शिला पर बहते देखते हैं, तो वह केवल अनुष्ठान नहीं रह जाता; वह एक सामूहिक मनोवैज्ञानिक शुद्धि का माध्यम बन जाता है।
धार्मिक मान्यताओं में शनि को कर्मफलदाता कहा गया है। उनकी दृष्टि को कठोर माना जाता है, किंतु उसी कठोरता में न्याय का आश्वासन भी निहित है। मंदिर परिसर में एक पुरोहित ने मुझसे कहा, “शनि डराने नहीं, जगाने आते हैं।” यह वाक्य मेरे भीतर देर तक गूँजता रहा। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में ग्रह केवल खगोलीय पिंड नहीं, बल्कि नैतिक शक्तियों के प्रतीक भी हैं। शनि की कथा- सूर्य, छाया और तपस्या से जुड़ी हुई वास्तव में यह बताती है कि जीवन में उपेक्षित या अंधकारमय पक्ष भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने उज्ज्वल पक्ष। शायद इसी कारण यहाँ काले रंग को वर्जना नहीं, बल्कि स्वीकार का प्रतीक माना जाता है।
मंदिर के आस-पास छोटे-छोटे दुकानदारों की चहल-पहल भी सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा है। तिल के लड्डू, काले धागे, लोहे की छोटी-छोटी अंगूठियाँ- ये सब वस्तुएँ केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि उस लोकविश्वास की अर्थव्यवस्था का आधार हैं जो इस गाँव को जीवित रखती है। यहाँ धर्म और आजीविका का संतुलन स्पष्ट दिखाई देता है। श्रद्धालुओं की भीड़ से स्थानीय जीवन संचालित होता है, और स्थानीय अनुशासन से श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहता है- यह एक परस्पर आश्रित संरचना है।
संध्या के समय जब सूर्यास्त की लालिमा काली शिला पर पड़ती है, तो दृश्य अत्यंत मोहक हो उठता है। उस क्षण ऐसा लगता है मानो प्रकाश और अंधकार का संवाद स्वयं आँखों के सामने घटित हो रहा हो। यह दृश्य किसी दार्शनिक ग्रंथ की पंक्तियों जैसा गंभीर और संतुलित प्रतीत होता है। लौटते समय मैंने अनुभव किया कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान का अनुभव नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मानस को निकट से देखने का अवसर थी- एक ऐसा मानस जो भय को भी नैतिक अनुशासन में रूपांतरित कर देता है।
बस में मेरे बगल की सीट पर बैठे एक वृद्ध मराठी सज्जन ने जब मेरा नाम पूछा और मैंने कहा- “मैं तेजस पूनियां हूँ, राजस्थान से आया हूँ” तो उनके चेहरे पर हल्की मुस्कान उभरी। उन्होंने टूटी-फूटी हिंदी में कहा, “शनि बुलाता है तभी कोई आता है।” उनके इस वाक्य ने यात्रा को साधारण पर्यटन से आध्यात्मिक निमंत्रण में बदल दिया।
शनि शिंगणापुर गाँव की सीमा में प्रवेश करते ही एक विचित्र अनुभव होता है। यहाँ घरों में पारंपरिक दरवाज़े नहीं हैं, ताले नहीं हैं, एटीएम तक बिना कुंडियों के दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों का विश्वास है कि स्वयं शनि महाराज इस ग्राम की रक्षा करते हैं। यह विश्वास केवल कथा नहीं, जीवन-पद्धति है। दुकानदार निश्चिंत बैठा है, किसान निडर खेत में काम कर रहा है, और स्त्रियाँ बिना भय के संध्या को घर लौटती हैं। आस्था का यह रूप किसी कानून से अधिक दृढ़ प्रतीत हुआ।
गाँव की पगडंडियों पर चलते हुए मैंने देखा- काले रंग की पताकाएँ, दीवारों पर शनि स्तोत्र और छोटे-छोटे घरों के बाहर नीले और काले रंग का संयोजन। एक महिला अपने आँगन में रंगोली बना रही थी पर वह पारंपरिक बहुरंगी नहीं, बल्कि हल्के गेरुए और काले आटे से बनी थी। मैंने उनसे पूछा “दरवाज़े सचमुच नहीं लगाते?” वे हँसीं-“लगाए भी थे कभी, पर ज़रूरत नहीं पड़ी। यहाँ चोरी से ज़्यादा शनि का डर है, और डर से ज़्यादा विश्वास।” मंदिर की ओर बढ़ते हुए मन में वही शाश्वत जिज्ञासा पुनः जागी।
कई ज्योतिषी कहते हैं कि- 33% लोग किसी ना किसी शनि दोष के प्रकोप में हर समय होते ही हैं।
तो क्या मैं भी उन 33 प्रतिशत में हूँ?
क्या मेरे जीवन की कुछ रुकावटें, कुछ अनाम ठहराव, किसी अदृश्य दृष्टि का परिणाम हैं?
बस की खिड़की से बाहर देखते हुए मेरे मन में प्रश्नों की एक श्रृंखला जन्म लेने लगी
शनि देव का अस्तित्व कहां से आता है?
उनका जन्म कहां से हुआ है?
वो शुरुआत कहां से है?
जब शनि देव की नजर आप पे पड़ती है- तो क्या बदल जाता है?
इतना सोचना था कि यात्रा मानो कथा में बदल गई।
गाँव की सीमा में प्रवेश करते ही एक अजीब-सी सादगी ने मेरा स्वागत किया। यहाँ भव्यता नहीं, बल्कि विश्वास का निर्व्याज विस्तार है। सबसे पहले जो बात मन को छूती है, वह है दरवाज़ों का न होना। घर हैं, दीवारें हैं, खिड़कियाँ हैं, पर ताले नहीं। मैंने पास की दुकान पर तेल की शीशियाँ सजाते एक वृद्ध से पूछा- “क्या सच में यहाँ चोरी नहीं होती?” उन्होंने हल्की मुस्कान के साथ उत्तर दिया, “बेटा, यहाँ ताला नहीं, भरोसा रहता है। और भरोसे की रखवाली शनि महाराज करते हैं।” उनकी आँखों में कोई चमत्कारिक चमक नहीं थी, बल्कि एक स्थिर निश्चिंतता थी। उस क्षण मुझे लगा कि आस्था शायद वही है, जहाँ तर्क थककर बैठ जाता है और विश्वास पहरा देने लगता है।
मंदिर की ओर बढ़ते हुए खुला आकाश सिर पर था और मन में शनि की जन्मकथा आकार ले रही थी। सूर्य के तेज से व्याकुल संध्या, उनका प्रतिरूप छाया, और छाया से जन्मे शनि यह कथा केवल पौराणिक प्रसंग नहीं लगती, बल्कि प्रकाश और अंधकार के अनिवार्य संतुलन की प्रतीक-गाथा प्रतीत होती है। कहा जाता है कि शिव-भक्ति में लीन छाया के तप के कारण शनि का वर्ण गहरा और दृष्टि गंभीर हुई। मुझे लगा, यह काला रंग किसी अभिशाप का नहीं, तपस्या का रंग है; यह अंधकार नहीं, अनुभव की परिपक्वता है। जब मैं उस पाँच फीट ऊँची काली शिला के सामने पहुँचा, जो खुले आकाश के नीचे विराजमान है, तो लगा जैसे समय स्वयं यहाँ आकर ठहर गया हो। कोई छत नहीं, कोई आडंबर नहीं- मानो यह संदेश कि न्याय और दृष्टि को किसी आवरण की आवश्यकता नहीं।
तेलाभिषेक की पंक्ति में खड़े-खड़े मैं अपने भीतर उतरने लगा। मेरे आगे खड़ी एक महिला अपने बेटे का हाथ पकड़े मंत्र जप रही थी। मैंने उससे पूछा, “आप हर साल आती हैं?” उसने कहा, “हाँ, जब भी जीवन उलझता है, यहाँ आकर मन सुलझ जाता है।” यह वाक्य मेरे भीतर उतर गया। तेल की धार जब शिला पर बहती है, तो वह केवल एक अनुष्ठान नहीं रह जाता; वह मानो भीतर की रूक्षता को नम करने का प्रयास बन जाता है। मुझे हनुमान और शनि की कथा स्मरण हुई- घावों पर लगाया गया तेल, पीड़ा का शमन। शायद यह अभिषेक भी हमारे अदृश्य घावों पर लगाया जाने वाला वही तेल है।
मंदिर प्रांगण में एक पंडितजी से भी मेरी लंबी बातचीत हुई। उन्होंने साढ़ेसाती और ढैया का गणित समझाते हुए कहा, “शनि दंड नहीं देते, दिशा देते हैं। जो गलत है, उसे रोकते हैं; जो अधूरा है, उसे पूरा करने को विवश करते हैं।” उनके शब्दों में भय का आग्रह नहीं था, बल्कि आत्मनिरीक्षण का निमंत्रण था। मैं सोचने लगा- यदि जीवन में ठहराव आया, तो क्या वह किसी बाहरी ग्रह का प्रकोप है, या भीतर की किसी उपेक्षा का परिणाम? शायद शनि का नाम लेकर हम अपने कर्मों की कठोर सच्चाई से संवाद करते हैं।
संध्या ढलने लगी थी। अस्त होते सूर्य की किरणें काली शिला पर पड़कर उसे स्वर्णिम आभा दे रही थीं। वह दृश्य मेरे लिए प्रतीक बन गया- सूर्यपुत्र शनि, प्रकाश और अंधकार के संगम पर खड़े। उसी क्षण मेरे भीतर एक काल्पनिक संवाद जन्मा। मैंने मन ही मन कहा- “यदि यह साढ़ेसाती है, तो मुझे क्या करना चाहिए?” और जैसे भीतर से उत्तर आया- “भागो मत, ठहरो; शिकायत मत करो, सुधारो।” यह अनुभव वास्तविक था या मेरी कल्पना का विस्तार, मैं नहीं जानता; पर उस क्षण मैं हल्का अवश्य हो गया।
गाँव से लौटते समय मैंने फिर उन घरों को देखा जिन पर ताले नहीं थे। लगा, यह केवल परंपरा नहीं, एक सांस्कृतिक घोषणा है विश्वास का साहस। यहाँ के लोग शनिवार को काले वस्त्र धारण करते हैं, तिल और तेल अर्पित करते हैं, और अपने भय को भक्ति में रूपांतरित कर देते हैं। शनि शिंगणापुर मेरे लिए अब कोई रहस्यमय, डरावना स्थल नहीं रहा; वह आत्मसंवाद का खुला प्रांगण बन गया। समस्याएँ जस की तस थीं, पर उन्हें देखने की दृष्टि बदल चुकी थी।
वापसी की बस में बैठा मैं खिड़की से बाहर डूबती रोशनी को देख रहा था। लगा, जीवन में जो भी अंधेरा आता है, वह स्थायी नहीं; वह केवल हमें अपने भीतर झाँकने का अवसर देता है। शनि का प्रकोप शायद वही कठोर पाठ है, जिसे समझ लेने पर भय श्रद्धा में बदल जाता है। और तब यात्रा समाप्त नहीं होती वह भीतर शुरू होती है।







