भारत में हिंदी लेखन और पठन की दुनिया निरंतर नए विस्तार की ओर अग्रसर है। युवा पीढ़ी में लेखन को लेकर गंभीर रुचि बढ़ रही है, किंतु उन्हें सार्थक मार्गदर्शन, साहित्यिक संवाद और उचित मंच की आवश्यकता भी उतनी ही गहराई से महसूस होती है।
इसी उद्देश्य से, सहितम् केंद्रीय हिंदी संस्थान, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 23–24 मई 2026 को “रचनात्मक लेखन कार्यशाला” आयोजित कर रहा है। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न हिंदी भाषी प्रदेशों से चयनित 50 युवा प्रतिभागी—विद्यार्थी, शोधार्थी एवं लेखन में रुचि रखने वाले युवा—भाग लेंगे।
कार्यशाला में साहित्य अकादमी, नेशनल बुक ट्रस्ट, साहित्यिक पत्रकारिता तथा प्रमुख पत्रकारिता एवं भाषा संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ युवा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। चर्चा के प्रमुख विषयों में रचनात्मक लेखन की प्रक्रिया, अध्ययन एवं रूपरेखा, समकालीन विषयों का चयन, पाठक-संवेदनशील भाषा, तथा स्व-संपादन से परिपक्व पांडुलिपि तक की यात्रा शामिल होगी।
संस्था का प्रयास है कि यह पहल हिंदी के उभरते लेखकों को एक गंभीर और प्रेरक साहित्यिक वातावरण प्रदान करे तथा लेखक और पाठक के बीच एक सशक्त सेतु निर्मित करे।
कार्यशाला संबंधी संक्षिप्त जानकारी निम्नवत है:
• आयोजन: सहितम् एवं केंद्रीय हिंदी संस्थान
• दिनांक: 23–24 मई 2026
• स्थान: केंद्रीय हिंदी संस्थान, कुतुब संस्थान क्षेत्र, नई दिल्ली
• आयु सीमा: 18–30 वर्ष
• चयन प्रक्रिया: लेखन स्पर्धा के माध्यम से
• सहभागिता: पूर्णतः निःशुल्क (प्रमाण-पत्र सहित)







